एसएचजी से जुड़े सदस्यों को यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। खास बात यह है कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़े सदस्यों को यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएससी के जिला प्रबंधक विकास पुनिया ने बताया कि जिला प्रशासन के समन्वय से चल रही इस पहल के तहत फर्रुखनगर, मानेसर, पटौदी और सोहना क्षेत्र के कई गांवों में सीएससी केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां वर्तमान में इन सेवाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
इन गांवों में खुलेगा सीएससी केंद्र
फर्रुखनगर क्षेत्र के गुगाना राजूपुर, जोड़ी, खवासपुर, मेहचाना, शेखुपुर माजरी और सिवाड़ी मानेसर क्षेत्र के भूड़का, चांदला डूंगरावास और सिधरावली पटौदी क्षेत्र के ब्राह्मणवास, दरापुर, दौलताबाद, देवलावास, गोरियावास, हालियाकी, हुसैनका, जसात, खानपुर, मनगवाकी, मौजाबाद, रणसीका और सैयद शाहपुर तथा सोहना क्षेत्र के अभयपुर, चुहड़पुर, खरोड़ा, खुंटपुरी और रानी का सिंगोला गांव शामिल हैं। विकास पुनिया ने बताया कि सीएससी केंद्रों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ, बैंकिंग और बीमा सेवाएं, पैन कार्ड, बिजली-पानी के बिल भुगतान सहित विभिन्न डिजिटल सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों को शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय व धन की बचत होगी।