विद्यार्थी 7 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (भिवानी) ने सितंबर में होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षा के लिए अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट), पूर्ण विषय अंक सुधार और एडिशनल क्वालिफाइड के ऑनलाइन आवेदन की तिथियां जारी कर दी हैं। बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विद्यार्थी 7 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड के अनुसार, विद्यार्थी 7 से 17 अगस्त तक 1000 रुपये परीक्षा शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 18 से 22 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क, 23 से 27 अगस्त तक 300 रुपये विलंब शुल्क और 28 अगस्त से 1 सितंबर तक 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
बोर्ड ने बताया कि मार्च 2026 और जुलाई 2026 की परीक्षा में शामिल हुए पात्र विद्यार्थी, जो अंक सुधार या अतिरिक्त विषय की परीक्षा देना चाहते हैं, वे www.bseh.org.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना भी जरूरी होगा। केवल आवेदन फॉर्म भरने से पंजीकरण पूरा नहीं माना जाएगा।
बोर्ड ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने और समय रहते आवेदन पूरा करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आने पर विद्यार्थी बोर्ड की हेल्पलाइन और ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।