सेक्टर-77 की सोसाइटियों के निवासियों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-77 की सोसाइटियों के लोगों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मानेसर नगर निगम और स्थानीय पुलिस से प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए गुहार लगाई है। लोगों ने अधिकारियों को पत्र लिखकर गुरुग्राम को गैस चैंबर बनने से रोकने की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी काफी लोगों ने रोष व्यक्त किया है।
उमंग विंटर हिल्स सोसाइटी के निवासियों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को लिखा है कि उनकी सोसाइटी के पास एक खाली प्लॉट में काफी मात्रा में लोग कूड़ा डंप करते हैं और बार-बार वहां आग लगाई जा रही है। इससे प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया है जिस जगह आग लगाई जा रही है, वह इलाका उमंग विंटर हिल्स, पाम हिल्स आदि सोसाइटियों के पास में होने के कारण ज्यादा परेशानी है। इन इलाके के लोगों ने सुबह शाम टहलना बंद कर दिया है। यहां सुबह शाम दृश्यता काफी कम होती है।
सेक्टर 77 में अरावली के साथ कई बड़े खाली प्लॉट हैं। अरावली की ओर सुबह शाम काफी स्मॉग रहता है। उमंग विंटर हिल्स और पाम हिल्स ग्रुप की सोसाइटियों के साथ बड़े प्लॉट हैं, जहां सोसाइटियां बनाई जानी है। इन जगहों पर काफी मात्रा में कूड़ा डंप किया जाता है और उसे जलाया जा रहा है। इसके कारण भी इन हाईराइज सोसाइटियों में स्मॉग के कारण लोगों का हाल बेहाल है।
सोसाइटी में काफी स्मॉग हो रहा है। प्रदूषित हवा में सांस लेना मुश्किल है। यह इलाका गैस चैंबर बनता जा रहा है। हाईवे से हमारी सोसाइटी करीब ढाई किमी दूर है। हम वाहनों से प्रदूषण पर इल्जाम नहीं लगा सकते हैं।
-रजनीश सचदेव, उमंग विंटर हिल्स, सेक्टर-77
हम लोगों ने सुबह वॉक करना छोड़ दिया है। काफी स्मॉग रहता है। पहले से प्रदूषित हवा में कूड़े में आग लगाए जाने से स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई। खास तौर पर बुजुर्गों और सांस के मरीजाें को ज्यादा दिक्कत आ रही है।
- धीरज गौड़, उमंग विंटर हिल्स, सेक्टर-77
हमारी सोसाइटी के पीछे ही आए दिन बड़ी मात्रा में कूड़ा जलता है। प्रदूषित हवा के कारण हमारा बुरा हाल है। सांस लेना मुहाल है। ये घटनाएं लगातार हो रही हैं। हमने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस से शिकायत की है।
- बलदेव कोठारी, उमंग विंटर हिल्स, सेक्टर-77
यहां काफी खाली जगह है। इलाका अरावली के पास है। खाली प्लॉटों में आग लग रही है। इन कारणों से सुबह और शाम दृश्यता नहीं रहती। हवा बहुत प्रदूषित है। इससे काफी परेशानी आ रही है।
- अविनाश त्रिवेदी, पाम हिल्स, सेक्टर-77