सेक्टर-31 स्थित पॉली क्लीनिक पर विधायक सुधीर सिंगला ने की शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को जिले में 1563 बूथों पर पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। तीन दिवसीय अभियान में कुल 3.78 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन करीब 40 फीसदी लक्ष्य हासिल किया गया।
रविवार को सेक्टर 31 स्थित पॉली क्लीनिक पर विधायक सुधीर सिंगला ने दवा पिलाकर पोलियो बूथ की शुरुआत की। इसी तरह भांगरौला स्थित पीएचसी में स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. पवन कुमार ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर सभी को अभियान की सफलता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र यादव, अभियान के नोडल डॉ. जय प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला उपायुक्त (एडीसी) हितेश कुमार ने बताया कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पोलियो उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है । इसके लिए 1563 बूथ बनाए गए। रविवार को सभी बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई गई।