अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सीआईए सोहना की टीम ने नूंह-सोहना हिंसा के दौरान मनेंद्र नामक युवक को गोली मारने के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी 31 जुलाई को युवक को अंबेडकर चौक के पास गोली मारने के मामले में की गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सोहना सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में मनेंद्र ने पुलिस को बताया था कि वह 31 जुलाई को सोहना बाजार से जिम करके अंबेडकर चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसके पैर में चोट लगी और खून बहने लगा। उपचार के लिए वह अस्पताल गया। वहां उपचार के दौरान पता लगा कि उसे गोली लगी है। सांप्रदायिक दंगों के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से युवक पर गोली चलाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
मामले में सीआईए सोहना के प्रभारी एसआई सत्यप्रकाश की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को इंद्री मोड़, सोहना से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रिफाकत निवासी सोहना के रूप में हुई है। पुलिस मामले में दो आरोपी मोहम्मद कैफ व मुस्तफा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।