मुख्यमंत्री ने पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 184 करोड़ की 87 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
-पटौदी जनसभा में लगाई घोषणाओं की झड़ी, हलके के विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि मंजूरी
-गांव ताजपुरनगर, गुरुग्राम में बनेगा वेटनरी पॉलिटेक्निक एवं पशु ट्रॉमा सेंटर, गांव माजरी में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पॉलिटेक्निक कॉलेज
अमर उजाला ब्यूरो
पटौदी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम जिले की पटौदी विधानसभा के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए लगभग 184 करोड़ रुपये की 87 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके अलावा हलके के विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा की।
पटौदी में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में गांव ताजपुर नगर में जमीन उपलब्ध होने पर वेटनरी पॉलीक्लिनिक एवं पशु ट्रॉमा सेंटर खोलने की भी घोषणा की। इस पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आएगी। गांव माजरी में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने, पटौदी-फर्रुखनगर जोन को लो पोटेंशियल जोन से मीडियम पोटेंशियल जोन घोषित करने और लोक निर्माण विभाग की सड़कों के सुधारीकरण के लिए 2.5 करोड़ रुपये की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बिजली की समस्या का निराकरण करते हुए गांव सिवाड़ी, गांव जसात व दौलताबाद में 20.50 करोड़ रुपये की लागत से 33-33 केवी के पावर हाउस बनाने की भी घोषणा की। मानेसर में नगर निगम के नये भवन के निर्माण की भी घोषणा की। इस पर लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत आएगी। होडल-नूहं, पटौदी-पटौदा रोड को एनएच का दर्जा दिलवाने के लिए एनएचएआई से चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने रैली के संयोजक एवं स्थानीय विधायक सत्यप्रकाश जरावता द्वारा रखे गए मांग पत्र में शामिल सभी मांगों की फिजिबिलिटी चेक करवाने उपरांत उन्हें पूरा करवाने की घोषणा भी की। नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार लाेगों की समस्याओं का तत्परता से समाधान करने का काम कर रही है। पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने जहां केंद्र में भारत की तस्वीर बदलने का काम किया है, वहीं हरियाणा की तस्वीर भी बदलने का काम किया गया है। बता दें कि पटौदी-फर्रुखनगर जोन को लो पोटेंशियल जोन से मीडियम पोटेंशियल जोन घोषित होने पर विभिन्न आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों के लिए लाइसेंस शुल्क में वृद्धि हो जाएगी। इसी अनुसार शहर के विकास के लिए प्रदेश सरकार पैसे जारी करेगी।
नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो आज हमसे हिसाब मांग रहे हैं, वो यह देखें कि उनकी सरकार कमीशन मोड में काम करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने तो स्वामीनाथ रिपोर्ट को डस्टबिन में डालने का काम किया था। उन्होंने विपक्ष को कहा कि वे अपने 10 सालों में किए गए कामों का हिसाब दें। सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 6 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी आज संख्या 15 हो गई है। उस समय एमबीबीएस सीटें 700 थी, आज 2185 हो गई है। कन्या महाविद्यालय 31 थे जबकि आज इनकी संख्या बढ़कर 63 हो गई है।
पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 10 सालों में करोड़ों रुपये के हुए विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में वर्तमान राज्य सरकार द्वारा पटौदी विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार द्वारा सड़कों, पुलों के निर्माण, आरओबी, आरयूबी, मंडियों के विकास इत्यादि कार्यों पर 121 करोड़ रुपये तथा आईएसटी, सेक्टर-8 की सड़कों के सुधारीकरण पर 14.36 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पटौदी क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए 112 टयूबवेल, 13 बूस्टिंग स्टेशन, 3 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए गए हैं। फर्रूखनगर, पटौदी, हेलीमंडी में नहर आधारित जलापूर्ति के लिए 205 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है।
500 रुपये में मिलेगा गैस सिलिंडर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गैस कनेक्शन और सिलिंडर देकर महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का काम किया है। अब हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि 500 रुपये में वर्ष में 12 गैस सिलिंडर दिए जाएंगे। यह योजना 1 अगस्त से लागू हो चुकी है। इससे लगभग 49 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, इस बार प्रदेश में बारिश कम होने के कारण किसानों पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ को कम करने के लिए कैबिनेट ने फैसला किया है कि किसानों को 2 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस दिया जाएगा। हमारी डबल इंजन की सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है और अब हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएंगी। राज्य सरकार ने डॉ बीआर अंबेडकर नवीनीकरण योजना के तहत 71,196 लाभार्थियों को 370 करोड़ रुपये दिए हैं।
सरकार विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ रही: संजय सिंह
खेल राज्य मंत्री संजय सिंह ने कहा कि केंद्र व हरियाणा की सरकार खिलाड़ियों के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए 17 अगस्त को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जन आशीर्वाद रैली के संयोजक एवं पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि विगत 10 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पटौदी विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति देने का काम किया है। इस अवसर पर स्वामी धर्मदेव, पूर्व सांसद अशोक तंवर, सुरेंद्र पुनिया, उषा प्रियदर्शी, कमल यादव, पूर्व विधायक बिमला चौधरी, मनोज शर्मा, सुंदर लाल यादव सहित डीसी निशांत कुमार यादव, सीपी विकास अरोड़ा, नगर निगम आयुक्त नरहरि बांगड़, मानेसर निगम के आयुक्त अशोक गर्ग सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।