पटौदी खंड के गांव गुढ़ाना स्थित कॉलोनी में कई दिन से बनी है समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी खंड के गांव गुढ़ाना स्थित कॉलोनी में पिछले कई दिनों से बिजली की समस्या से लोग परेशान हैं। शुक्रवार को गुस्साए कॉलोनीवासी हेलीमंडी स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और विभाग के प्रति जमकर नारेबाजी की।
कॉलोनीवासी लोकेश कुमार ने बताया कि कॉलोनी में 16 मई को बिजली चली गई। इसके बाद से ही बिजली काफी लो वोल्टेज आ रही है। इसको लेकर 19 मई को संबंधित अधिकारियों को लिखित में अवगत कराया गया। विभाग की ओर से बताया गया कि दो-तीन दिनों में लो वोल्टेज की समस्या ठीक हो जाएगी। 27 मई की रात को खंबे पर आग लगने से तार जल गया लेकिन देर रात एक फेस में बिजली आ गई थी।
जेई ने कहा कि अगले दिन 28 मई को बिजली ठीक हो जाएगी लेकिन कॉलोनी में बिजली ठीक नही हुई। लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिसके चलते शुक्रवार को कॉलोनी के लोग बिजली कार्यालय हेलीमंडी पहुंचे। लोगों ने विभाग के प्रति जमकर नारेबाजी की। एक दिन में इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण रवाना हुए। इस मौके पर कॉलोनी के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनी में बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया जाए और एक नया खंबा लगाया जाए। दो फेस की जगह थ्री फेस किया जाए। इस मौके पर नवीन कुमार, हुकमचंद, मन्नू, राजकुमार, बिल्लू, रामोतार, पिंकी देवी, बिमला देवी, माया देवी, संदीप सहित काफी संख्या में कॉलोनी के पुरुष एवं महिलाएं मौजूद रही।