चौक पर वाहन चालकों को रोज जाम से जूझना पड़ रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड स्थित एआईटी चौक पर अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकारण (जीएमडीए) योजना तैयार कर रहा है। चौक पर जाम से सुबह-शाम वाहन चालकों को परेशानी होती है।
एनएच-48 स्थित शंकर चौक से सेक्टर-56 तक गोल्फ कोर्स रोड सिग्नल फ्री है। इसके लिए कई जगहों पर अंडरपास का निर्माण कराया गया है। इससे एनएच-48 से एसपीआर तक जाने में वाहन चालकों को राहत मिलती है। हालांकि, सेक्टर 55 में एआईटी चौक (सेक्टर 53, 54, 55, 56) है। तेजी गति से आ रहे वाहनों को अचानक चौक पर रुकना पड़ता है और वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। इस रोड पर दर्जनों हाइराइज सोसाइटियां और साइबर सिटी हैं। पहले चौक पर ट्रैफिक सिग्नल नहीं था। पुलिस विभाग ने यातायात को कंट्रोल करने के लिए ट्रैफिक सिग्नल गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण से लगवाया था। चौक का सर्किल बड़ा होने और यातायात लाइट के कारण सुबह-शाम वाहन का यहां पर काफी दबाव हो जाता है, इससे वाहन चालकों को जाम से राहत नहीं मिल रही है।
गोल चक्कर पर 3000 वाहन/घंटा तक मैनेज हो सकते हैं, जबकि पीक ऑवर्स में वाहनों का दबाव इससे कहीं अधिक रहता है। ऐसे में गोल चक्कर हटाने और अंडरपास निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। जीएमडीए के मोबिलिटी डिवीजन के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि एआईटी चौक पर सुबह-शाम वाहनों का काफी दबाव हो जाता है। ऐसे में यहां पर अंडरपास निर्माण को लेकर योजना है।