फॉर्च्यूनर ने दो बुजुर्गों को कुचला
- फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम के बादशाहपुर थाना क्षेत्र में आइरिया मॉल के सामने रविवार की सुबह फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग दंपति काे अनियंत्रित फॉर्च्यूनर ने कुचल दिया। इसके बाद फॉर्च्यूनर फुटपाथ के पास खड़ी हाइड्रा मशीन से जा टकराई। हादसे में बुजुर्ग दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति अस्पताल में उपचाराधीन है। दंपति के बेटे कैलाश की शिकायत पर स्कॉर्पियो के अज्ञात चालक के खिलाफ बादशाहपुर थाने में सड़क हादसे में मौत संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मृतका की पहचान महोबा (उत्तर प्रदेश) के परापातर गांव निवासी चिन्जी (80) के रूप में हुई है। मृतका के बेटे कैलाश ने पुलिस को बताया कि वह 8 अक्तूबर को काम की तलाश में अपनी माता चिन्जी व पिता नत्थू के साथ गुरुग्राम के बादशाहपुर में आया था। वे किराये के कमरे की तलाश कर रहे थे। कमरा नहीं मिलने के कारण वह अपने मेरे माता-पिता के साथ बादशाहपुर क्षेत्र के इस्कॉन मंदिर से में खाना खाते थे और आइरिया मॉल के सामने फुटपाथ पर सो जाते थे।
रविवार की सुबह करीब 5.45 बजे उसके माता-पिता का फुटपाथ पर सो रहे थे और वह उठकर लघुशंका के लिए चला गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार व अनियंत्रित फॉर्च्यूनर ने गुरुग्राम की ओर से आकर फुटपाथ पर उसके माता-पिता को रौंदता दिया और आगे वाले फुटपाथ पर चली गई व हाइड्रा मशीन से जा टकराई।
हादसे के बाद फॉर्च्यूनर का चालक व एक युवती गाड़ी से उतरकर भाग गए। प्रत्यक्षर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर में सवार युवक-युवती नशा की हालत में थे। दोनों को हल्की चोटें भी आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठी हो गई थी। एक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल करके हादसे के बारे में जानकारी दी।
माैके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल बुजुर्ग दंपति को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां से घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। दंपति को बेटा कैलाश अपने माता-पिता को उपचार के लिए बसई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गया। जहां गंभीर रूप से घायल चिन्जी की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने हादसे के बाद क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर को हाईड्रा से सड़क से हटाकर साइड खड़ी कराया।
मृतका के बेटे की शिकायत पर फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गाड़ी के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। चालक की गिरफ्तारी के बाद पता चल सकेगा कि हादसा किस कारण हुआ है। पूछताछ व जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।