एचएसआईआईडीसी ने छठा फेज विकसित करने की योजना बनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में उद्योगों के लिए जमीन की बढ़ती मांग को देखते हुए अब इसका विस्तार किया जाएगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने 285 एकड़ जमीन पर आईएमटी मानेसर का छठा फेज विकसित करने की योजना बनाई है। आईएमटी मानेसर में अब तक पांच फेज विकसित किए जा चुके हैं। इनमें करीब 2500 बड़े और मध्यम उद्योग चल रहे हैं।
नए उद्योग लगाने के लिए प्लॉट की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए एचएसआईआईडीसी ने फेज-6 विकसित करने का फैसला लिया है। नए फेज में उद्योगों के लिए प्लॉट तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही सड़क, पानी, सीवर, बिजली और बरसाती पानी की निकासी जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। सभी सुविधाएं तैयार होने के बाद औद्योगिक प्लॉट की नीलामी की जाएगी।
स्थानीय लोगों को भी मिलेगा फायदा
नया औद्योगिक क्षेत्र पचगांव चौक और आईएमटी मानेसर के बीच विकसित किया जाएगा। नए उद्योग लगने से स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार और कमाई के नए अवसर पैदा होंगे। छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े उद्योगों तक को अपनी जरूरत के अनुसार जमीन मिल सकेगी। आईएमटी मानेसर की दिल्ली, जयपुर हाईवे, केएमपी एक्सप्रेसवे और द्वारका एक्सप्रेसवे से अच्छी कनेक्टिविटी है। यही वजह है कि उद्योगों के लिए यह क्षेत्र निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
-
आईएमटी मानेसर में नए प्लॉट की मांग लगातार बनी हुई है। फेज-6 विकसित होने के बाद नए उद्योगों को जमीन मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। -सुशील सारवान, प्रबंध निदेशक, एचएसआईआईडीसी