सिग्नेचर ग्लोबल डैक्सिन एक्स फैक्टर सोसाइटी के गेट पर स्टंट करने का वीडियो हुआ था वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। तू स्कूल की टॉपर, हम स्कूल के रेस्टिकेट बालक, गाना चलाकर कार में स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। भोंडसी थाना के अंतर्गत सोहना रोड स्थित सिग्नेचर ग्लोबल डैक्सिन एक्स फैक्टर सोसाइटी के गेट पर कुछ युवकों द्वारा कार पर स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए 12 सेकेंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि तीन कार की खिड़कियां खोलकर बाहर लटके हुए हैं। कार चलाने वाला युवक भी खिड़की पर एक हाथ ऊपर कर वीडियो रिकॉर्ड करवा रहा है। एक अन्य युवक इनका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान की गई है। मामले में कार को लापरवाही से चलाने व स्टंटबाजी करके अपराध संबंधी धारा 281, 125, 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है।
जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर स्टंट करने वाले युवकों के परिवार वालों को नोटिस दिया गया है। युवक फिलहाल गुुरुग्राम से बाहर हैं। एक-दो दिन में युवकों को जांच में शामिल करके बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।