परियोजना पर खर्च होंगे 326 करोड़ रुपये, जाम से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। गुरुग्राम-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग 248 ए पर जल्द ही एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा जोकि चुंगी नंबर 1 से रायपुर तक बनाया जाएगा। जिसके निर्माण पर करीब 326 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। उक्त योजना का एस्टीमेट बनाकर विभाग ने भेज दिया है। इसके बनने से वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी।
सोहना कस्बे के मुख्य मार्गों पर बने चौक चौराहे जाम से जूझ रहे हैं। लोगों का राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करना टेढ़ी खीर है। अपनी जान को हथेली पर रखकर कटों को पार करते हैं। उक्त समस्या से निजात के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। जिसके लिए चुंगी नम्बर 1 से रायपुर तक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। जिसकी लंबाई करीब ढाई किलोमीटर होगी। फ्लाईओवर निर्माण पर 326 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। लोकनिर्माण विभाग ने योजना का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। एलिवेटेड फ्लाईओवर बनने से जाम से काफी राहत मिल सकेगी। उक्त मार्ग पर करीब 10 हजार वाहन रोजाना आवागमन करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने दमदमा मोड़, बालूदा मोड़, फ्रेंड्स कॉलोनी मोड़, अंबेडकर चौक, इंद्री मोड़ आदि पर स्कूली बच्चे व नागरिक अपनी जान को जोखिम में डालकर गुजरते हैं। लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ सुरेंद्र बताते हैं कि योजना का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जिसकी राशि केंद्र सरकार से प्राप्त होगी, जबकि निर्माण कार्य पीडब्लूडी विभाग करेगा। सोहना भाजपा विधायक तेजपाल तंवर बताते हैं कि चुंगी नम्बर 1 से रायपुर तक एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पहले चरण में थी लेकिन किन्हीं कारणों के कारण अधूरी रह गई थी। जिसको पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री से मांग की गई है।