मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की 16 अमृत फार्मेसियों का करेंगे उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में एक नवंबर को उद्घाटन टलने के बाद शुक्रवार को अमृत फार्मेसी की शुरुआत की जाएगी। अस्पताल में आने वाले मरीजों को लंबे समय से फार्मेसी शुरू होने का इंतजार था। इसके शुरू होने से मरीजों को दवाइयों के लिए निजी मेडिकल स्टोरों पर रुख नहीं करना पड़ेगा।
अमृत फार्मेसी का उद्घाटन यमुनानगर में आयोजित कपालमोचन मेले से मुख्यमंत्री की ओर से वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को बाजार की मुकाबले में कम कीमत पर दवाएं और सर्जिकल उपकरण उपलब्ध हो सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में एक साथ अमृत फार्मेसी शुरू की जाएगी।
इसके लिए अस्पताल परिसर में अलग स्टोर बनाया गया है। यहां कई दिन से दवाइयां रखी जा रही हैं। फार्मेसी शुरू होने से अस्पताल के दवा काउंटर और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर उपलब्ध नहीं होने वाली दवाइयां भी मरीजों को अस्पताल परिसर में ही मिलेंगी। इससे उन्हें निजी मेडिकल स्टोरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही समय और खर्च में भी बचत होगी। इसका सबसे अधिक लाभ आपातकालीन और गंभीर मरीजों को मिलेगा।
अस्पताल की पीएमओ डॉ. नीना का कहना है कि अमृत फार्मेसी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से कैंसर और हड्डियों से संबंधित बीमारियों के मरीजों को भी अस्पताल परिसर में उचित कीमत पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।