2024 के विधानसभा चुनाव में लाडवा सीट से हासिल की जीत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2024 के विधानसभा चुनाव में लाडवा सीट से जीत हासिल की। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ वे हरियाणा के आठवें ऐसे नेता बन गए, जिन्होंने दो या इससे ज्यादा बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है।
नायब सैनी के पास है कानून की डिग्री
अंबाला के मिर्जापुर माजरा गांव के रहने वाले नायब सिंह सैनी ने उत्तर प्रदेश के मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की है। नायब सिंह का भाजपा के साथ सफर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में शुरू हुआ था।
1996-97 में मनोहर लाल ने उन्हें रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय में कंप्यूटर संभालने का जिम्मा दिया था। यह कंप्यूटर नरेंद्र मोदी ने मनोहर लाल को दिया था। मनोहर लाल के साथ दिनभर रहने और पार्टी के काम में बढ़ती रुचि को देखते हुए 2002 में नायब सैनी को अंबाला युवा मोर्चा का महासचिव नियुक्त किया गया।
चुनाव जीतने के दो साल बाद पार्टी ने बनाया राज्यमंत्री
पार्टी के काम में लगन को देखते हुए 2005 में उन्हें युवा मोर्चा अध्यक्ष पद सौंपा गया। 2009 में सैनी ने नारायणगढ़ से विधानसभा का चुनाव लड़ा, मगर कामयाबी नहीं मिली। पहली हार के बाद ही उनका राजयोग शुरू हुआ। 2014 में उन्होंने फिर नारायणगढ़ हलके से चुनाव लड़ा। चुनाव जीतने के दो साल बाद पार्टी ने उन्हें राज्यमंत्री बनाया।
2019 में बने सांसद
सैनी के कामकाज और लोगों से जुड़ाव को देखते हुए भाजपा ने उन्हें 2019 में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया। सैनी ने करीब तीन लाख वोटों से जीत हासिल की। विनम्रता और सौम्य छवि को देखते हुए पार्टी ने 2023 में उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।
इसके छह महीने बाद ही भाजपा ने मनोहर लाल को हटाकर उन्हें सीएम नियुक्त किया। राजनीति में नायब सैनी के सफल होने के पीछे मनोहर लाल का अहम रोल रहा है। सैनी उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं।