विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा व अंतर विभागीय विषयों को लेकर अधिकारियों की ली बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जिले के विकास व नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां संभव हो वहां पेड़ों को नहीं काटा जाए और अधिकतम संख्या में उन्हें बचाने का प्रयास किया जाए। मंत्री ने यह बात शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जिले में जारी विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा व अंतर विभागीय विषयों को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह व नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह सहित एचएसआइआइडीसी, एनएचएआई, बिजली विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बिजली के पोल स्थानांतरण में तेजी लाने के निर्देश
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने जीएमडीए की ओर से विभिन्न सेक्टर्स में सड़कों के सुधारीकरण के बारे में जानकारी ली। जीएमडीए अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-58/61, 59/61 डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-28/43 रोड, सेक्टर-58 से 67, एमजी रोड तथा 62/65 रोड पर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक निर्माण के दौरान बिजली के खंभे अड़चन बने हुए हैं। मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई शुरू करने और फरवरी के अंत तक सभी खंभों के स्थानांतरण कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जलभराव व ड्रेनेज मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
मंत्री ने ड्रेनेज की सफाई के बारे में भी विभागवार समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्ग की सरफेस ड्रेनों की सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके साथ ही जहां नई ड्रेनेज कनेक्टिविटी की आवश्यकता है, उसे मानसून से पहले ही पूरा करने के निर्देश दिए गए। नरसिंहपुर के पास प्रस्तावित कल्वर्ट निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया। जीएमडीए को लेग-4 का कार्य मई के अंत तक पूरा करने के लिए कहा गया।
सड़कों के रखरखाव और सीढि़याें के संचालन करने के निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वचालित सीढि़यां शुरू करने, 24 मीटर सडक़ों की मरम्मत और नियमित रख-रखाव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित विभागों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नई सड़क परियोजना का काम शुरू करने से पहले फुटपाथ और ड्रेनेज का कार्य पूरा होना चाहिए और निर्माण करने वाली एजेंसी को भुगतान करने के लिए संबंधित आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों की सहमति ली जाए।मंत्री ने आदेश दिए कि सभी ग्रीन बेल्ट सड़कों के लेवल से नीचे रखी जाएं, सभी स्लिप रोड रेड लाइट से 50 मीटर पहले बनाई जाएं। उन्होंने सड़कों की डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड को बढ़ाकर पांच वर्ष करने की बात भी कही