पांचवां गुरुग्राम ग्रामीण टी-20 क्रिकेट लीग टूर्नामेंट, फाइनल दो नवंबर को होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना खंड के अलीपुर व घामडोज मैदान में आयोजित पांचवीं गुरुग्राम ग्रामीण टी-20 क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में अलीपुर गांव की टीम ने हरियाहेड़ा टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में 122 रन से हराया। अलीपुर टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर कुल 229 रन बनाए। मोगा ने 129 रन की शतकीय पारी खेली, जिन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। हरियाहेड़ा की टीम मात्र 17 ओवर में 107 रन पर ही सिमट गई। लीग का फाइनल मुकाबला दो नवंबर को होगा, जिसमें एम2एम घामडोज की टीम व अलीपुर क्रिकेट क्लब की टीमें भिड़ेंगी।
दूसरे सेमीफाइनल मैच में घामडोज टीम ने रायसीना की टीम को 25 रन से हराया। एम2एम घामडोज इलेवन टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर कुल 196 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में रायसीना टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 171 रन बनाए। इस मैच में विकास राघव ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 75 रन बनाए, जिसमें 11 चौके व 3 छक्के शामिल हैं। विकास राघव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया है।