वर्षों से नई सड़क की राह देख रहे ग्रामीण, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
सद्दाम हुसैन
पिनगवां। अकबरपुर और पापड़ी गांव को जोड़ने वाली सड़क की हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। हाल ही में हुई बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संबंधित कर्मचारी और अधिकारियों से कई बार शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस है।
ग्रामीण बिल्ला, नाजिम, सोकीन, साजिद, इस्लाम, इमरान और सलाउद्दीन ने बताया कि यह सड़क दोनों गांवों के बीच मुख्य संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से हर रोज सैकड़ों लोग स्कूल, कॉलेज, बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए गुजरते हैं। सड़क टूटने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। कई बार वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि अच्छी सड़क सुविधा ग्रामीणों का अधिकार है और इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए।
….
रास्ते का कुछ हिस्सा पक्का बनाया चुका है। बीच में भूमि संबंधी अड़चन आ गई है। जल्द ही पैमाइश कराकर विवाद का समाधान किया जाएगा और शेष रास्ते का निर्माण पूरा कराया जाएगा। - अरशद खान कनिष्ठ अभियंता पीडब्ल्यूडी