बुधवार को 301 था औसत एक्यूआई, बृहस्पतिवार को 19 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज
नंबर गेम - 390 के पार रहा ग्वाल पहाड़ी का एक्यूआई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक श्रेणी में बना हुआ है। बृहस्पतिवार को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 320 पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को यह 301 दर्ज किया गया था। एक दिन में एक्यूआई में 19 अंकों की बढ़ोतरी होने से प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो गई है।
शहर के चार निगरानी केंद्रों में से तीन पर एक्यूआई 300 से अधिक दर्ज किया गया। शहर का ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जहां एक्यूआई 398 तक पहुंच गया। वहीं, टेरी ग्राम में 341 और सेक्टर-51 में 308 एक्यूआई दर्ज किया गया। विकास सदन में प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम रहा, यहां एक्यूआई 256 रिकॉर्ड किया गया।
ग्वाल पहाड़ी में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण सांस और आंखों से संबंधित समस्याओं का खतरा बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे हालात में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
निजी एप पर एक्यूआई पहुंचा 600 से भी ऊपर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों में जहां पर शहर का एक्यूआई 320 दिखाया जा रहा है। वहीं, निजी एप पर शहर का एक्यूआई 630 तक पहुंच गया है। ऐसे में शहर की हवा काफी जहरीली स्तर पर पहुंच गया है। जहां सांस लेने पर लोगों को बीमार कर सकता है। खासकर दमा जैसे रोगियों को तो काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदूषण के मुख्य स्रोत वाहन, धूल, कचरा जलाना और जनरेटर हैं। समस्या की असली जड़ प्रशासन की इच्छाशक्ति की कमी है। नियंत्रण के लिए सख्त पीयूसी जांच, ट्रैफिक प्रबंधन, फुटपाथ निर्माण, मैकेनिकल स्वीपिंग और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण जैसे ठोस कदम तत्काल उठाने होंगे। - भवानी शंकर त्रिपाठी, पर्यावरणविद