बुधवार की तुलना में 11 अंक बढ़ा प्रदूषण का स्तर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 322 था। यानी एक दिन में प्रदूषण के स्तर में 11 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही शहर की हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। आने वाले दिनों में यह स्थिति और भी खराब हो सकती है।
सीपीसीबी के अनुसार, शहर में ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहा। यहां बृहस्पतिवार को एक्यूआई 380 दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 377 था। इसी तरह सेक्टर-51 में एक्यूआई बुधवार के 300 से बढ़कर बृहस्पतिवार को 318 पहुंच गया। टेरी ग्राम में प्रदूषण का स्तर मामूली रूप से घटा है। यहां बुधवार को एक्यूआई 347 था, जो बृहस्पतिवार को 345 दर्ज किया गया।
विकास सदन क्षेत्र में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। यहां बुधवार को एक्यूआई 264 दर्ज किया गया था, जबकि बृहस्पतिवार को यह बढ़कर 289 पहुंच गया। चारों निगरानी केंद्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वाल पहाड़ी और सेक्टर-51 में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं टेरी ग्राम में मामूली सुधार दर्ज किया गया है। शहर में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की जरूरत है।