शहर में देखने को मिल रहा बादल, धूप और बारिश का सुहावना संगम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में बीते दिनों हुई बारिश के बाद से मौसम सुहावना बना हुआ है। सोमवार को बादलों की लुका-छिपी के बाद शहर में बारिश की बौछारों ने मौसम सुहाना बना दिया। सुबह से ही बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इसके बाद दोपहर से ही तेज धूप निकल आई। मौसम विभाग ने दो दिन बाद के लिए भी फिर से बारिश की संभावना जताई है। बारिश के बाद से तापमान सामान्य बना हुआ है, सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
बीते दिनों से शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा था लेकिन बारिश के बाद यह 28.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के साथ वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है और गुरुग्राम का एक्यूआई में खास सुधार देखने को नहीं मिला है। बारिश के बाद भी सोमवार को वायु गुणवत्ता खराब दर्ज की गई, पीली श्रेणी में आने से एक्यूआई 236 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जताया है।
बारिश से गेहूं की फसल को भारी नुकसान
सोहना। सोहना क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश ने गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। किसानों के अनुसार, करीब 30 प्रतिशत फसल गिरकर खराब हो चुकी है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। खेतों में गिरी फसल का दाना खराब होने की आशंका है, वहीं पौधे भी चारे के रूप में उपयोग के लायक नहीं रहेंगे।
कई खेतों में तो पूरी गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे दाने के फली से बाहर गिरने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि फसल को हाल ही में अंतिम सिंचाई दी गई थी, जिसके कारण वह पूरी तरह पक नहीं पाई थी। ऐसे में बारिश ने नुकसान को और बढ़ा दिया।
किसान प्रभु सिंह और कैलाश सहित अन्य किसानों ने बताया कि इस स्थिति से अनाज और भूसे दोनों का नुकसान हो रहा है। फसल खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार के भरण-पोषण की चिंता भी गहराने लगी है। संवाद