नूंह। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए उपायुक्त अखिल पिलानी ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान का शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसलिए समय रहते बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने नागरिकों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और अत्यधिक गर्मी में भारी श्रम से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। साथ ही हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर व चेहरे को ढककर रखें।
उन्होंने बताया कि बाहर काम करने वाले लोग समय-समय पर विश्राम करें और लस्सी, छाछ, नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है। उपायुक्त ने यह भी कहा कि बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ें तथा दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। उन्होंने सभी से अपील की कि दिशा-निर्देशों का पालन कर खुद को सुरक्षित रखें।