- पेन, पेंसिल, स्टेशनरी या गैजेट परीक्षा केंद्र में नहीं लाने दिए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शनिवार और रविवार को होने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) 2025 के लिए जिला प्रशासन ने जरूरी निर्देश जारी किए हैं। परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा कोई भी पेन, पेंसिल, स्टेशनरी या गैजेट परीक्षा केंद्र में नहीं लाने दिए जाएंगे।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी 163 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, और बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था रहेगी। हर शिफ्ट में करीब 45,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सबसे अधिक परीक्षार्थी झज्जर, नूंह, पलवल, रोहतक और गुरुग्राम से फरीदाबाद पहुंचेंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 18 धर्मशालाएं आरक्षित की गई हैं, जहां उन्हें नि:शुल्क आवास मिलेगा। साथ ही पिक एंड ड्रॉप सुविधा और फ्री बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 0129-2290010 भी जारी किया गया है।
सीईटी परीक्षा का आयोजन 26 और 27 जुलाई को दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 10:00 से 11:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:15 से शाम 5:00 बजे तक होगी।
वर्जन
सीईटी में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी जाती है। उन्हें केवल एडमिट कार्ड और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। पेन परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को दिया जाएगा। परीक्षा की पारदर्शिता और शांति सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
-अशोक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी