गुरुग्राम। कॉलेजों में सोमवार से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह दस बजे से आवेदन पोर्टल को खोल दिया गया। इस प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया है।
गुरुग्राम के तहत 9 सरकारी कॉलेजों में छात्रों ने 8630 सीटों के लिए आवेदन भरे। बिना किसी परेशानी के पोर्टल पर छात्रों ने बड़ी आसानी से आवेदन किए। यह प्रक्रिया 21 सितंबर तक चलेगी। कॉलेजों द्वार इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। हालांकि पहले दिन कितने आवेदन हुए इस संबंध में कॉलेजों को कोई सूचना प्राप्त नहीं हो सकी। पहली कटऑफ 26 को जारी की जाएगी। इसके तहत प्रवेश 29 सितंबर तक होंगे वहीं दूसरी कटऑफ 30 सितंबर को जारी की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन में आ रही परेशानियों में मदद करने के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इसके साथ ही दिव्यांग छात्रों के लिए भी मिस्ड कॉल नंबर जारी किया गया है।