स्नातक प्रथम वर्ष दाखिला पोर्टल 30 सितंबर तक दोबारा खोला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर के सभी वर्षों के विद्यार्थियों के लिए दाखिला पोर्टल को फिर से खोल दिया है। इस संबंध में निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यार्थियों और कॉलेजों से प्राप्त अनेक अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए दाखिला पोर्टल 30 सितंबर रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा।
निर्देशानुसार यह सुविधा जिले के सभी सरकारी कॉलेजों, राजकीय अनुदान प्राप्त निजी कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगी। ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारणवश पहले पंजीकरण या दाखिले से वंचित रह गए थे, अब इस अवसर का लाभ उठा सकेंगे।
निदेशालय ने पत्र जारी कर सभी कॉलेज के प्राचार्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इस सूचना को छात्रों तक शीघ्र पहुंचाएं और प्रवेश संबंधी कार्य समय पर पूरा करें। साथ ही यह कहा गया है कि आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए। उच्चतर शिक्षा विभाग का यह कदम विद्यार्थियों के हित में लिया गया है। बीते कई दिन से बड़ी संख्या में छात्र पोर्टल को खोलने की मांग कर रहे थे। विभाग ने पत्र जारी कर समय से पंजीकरण के लिए निर्देश दिए हैं।