- दिवाली त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो प्रबंधन कर रहा तैयारी
- वर्तमान में संचालित रूटों पर ही भेजी जाएंगी अतिरिक्त रोडवेज बस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में दूसरे प्रदेशों के काफी संख्या में लोग नौकरी व रोजगार करते हैं। ऐसे में गुरुग्राम डिपो प्रबंधन ने दिवाली त्योहार पर दूसरे प्रदेशों में जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बस चलाने की तैयारी की है। डिपो प्रबंधन द्वारा उन्हीं रूटों पर अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी, जिन रूटों पर वर्तमान में बसें चल रही हैं। किसी नए रूट पर रोडवेज बस संचालित करने की कोई योजना नहीं है।
गुरुग्राम से उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, लखनऊ, बुलंदशहर, अलीगढ़, उत्तराखंड के हरिद्वार, देहरादून, हल्द्वानी आदि रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। दिवाली त्योहार पर इन रूटों पर काफी संख्या में यात्री अपने घरों को जाते हैं। हर साल दिवाली त्योहार पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाई जाती हैं। ऐसे में गुरुग्राम डिपो प्रबंधन ने त्योहारी सीजन को देखते हुए तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, गुरुग्राम से जींद, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार आदि रूटों पर सवारियां ज्यादा होने की वजह से अतिरिक्त बसें भेजनी पड़ती हैं।
गुरुग्राम डिपो प्रबंधन द्वारा दिवाली त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बस चलाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में डिपो के चालक-परिचालकों के अवकाश दिवाली पर रद्द किए जा सकते हैं या फिर उनकी ड्यूटी को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। ताकि रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित न हो।
वर्जन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए तैयारी की जा रही है। आगामी दिनों में करवाचौथ, दिवाली व छठ पूजा पर दूसरे प्रदेशों में जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बस भेजी जाएंगी। जिस रूट पर पर्याप्त सवारियां होंगी, उसी रूट पर बसों को भेजने की व्यवस्था की जाएगी। अलग से नया कोई भी रूट संचालित नहीं किया जाएगा।
- प्रदीप कुमार अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम बस डिपो