फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केवल कागजों पर न हो कार्रवाई : एसडीएम

विज्ञापन
गांव चंदू में ग्रामीणों से संवाद कर सुनवाई करते एसडीएम। स्त्रोत-विज्ञ​प्ति
विज्ञापन
गांव चंदू में प्रशासन ने रात्रि ठहराव को दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सुनीं समस्याएं
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे रात्रि प्रवास कार्यक्रम के तहत मानेसर एसडीएम लोकेश यादव ने गांव चंदू में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर गांव की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। रात्रि प्रवास से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष सीधे रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लोकेश यादव ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से गांव की प्राथमिक जरूरतों की पहचान कर प्रशासन के समक्ष रखने का आह्वान किया।
विज्ञापन


दस्तावेज अपडेट रखने की अपील
एसडीएम ने ग्रामीणों से परिवार पहचान पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में जानकारी समय-समय पर अपडेट रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता से जुड़े दस्तावेजों का सही और नवीनतम होना जरूरी है। योजना का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी होने पर संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से सूचना एवं सहायता स्टॉल भी लगाए गए। यहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
विज्ञापन


नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर
रात्रि प्रवास के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर भी ग्रामीणों से चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि नशे से युवा पीढ़ी के साथ परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। इसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और युवाओं को खेल, शिक्षा व अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर, नायब तहसीलदार प्रतीक, एक्सईएन पंचायती राज अजय शर्मा, बीडीपीओ गुरुग्राम दीपिका शर्मा, सरपंच विकास यादव, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें