गुरुग्राम। अफोर्डेबल पॉलिसी के मकान बनाने में लापरवाही बरतने वाले तीन बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निदेशक स्थानीय निकाय चंडीगढ़ को लिखा गया है। तीन अन्य बिल्डरों के भवन निर्माण पर स्थानीय स्तर पर इंजीनियरों की टीम नजर रखेगी। यह निर्णय सीनियर टाउन प्लानर संजीव मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
बैठक में बताया गया कि ऑकेन सेवन बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड 2018 से भवन निर्माण कर रहा है। इसके निर्माण की प्रगति धीमी है। इस कारण निदेशक स्थानीय निकाय को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। आरोप है कि लोगों से समय से किस्त ले ली गई, लेकिन निर्माण में देरी हो रही है। रेनुका प्राइवेट लिमिटेज का काम केवल 30 फीसदी पूरा हो पाया है।
इसी तरह, रहेजा डेवलपर के निर्माण का निरीक्षण एक सप्ताह के अंदर करने के निर्देश डीटीपी को दिए गए हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर निदेशक टाउन एंड कंट्री प्लानर को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। इनके बारे में आवंटियों ने शिकायत की थी। 3 नवंबर 2020 की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका अनुपालन नहीं किया गया।
बैठक में रिवायटल रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड, प्रमिड हाइट्स और माहिरा बिल्टेक प्राइवेट लिमिटेड के मकानों के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायतों को गंभीरता से लिया। डीटीपी को मकानों का एक सप्ताह में स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग गुरुग्राम में 2018 से पीएम आवास योजना के तहत 30 हजार अफोर्डेबल मकानों का निर्माण करा रहा है। इनके निर्माण के लिए करीब 800 बिल्डरों को लाइसेंस जारी किए गए हैं। इस योजना के तहत गरीब और कम आय वाले लोगों को कम दरों में मकान दिलाने की व्यवस्था है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग इसकी समय-समय पर समीक्षा करता है। जिन बिल्डरों के निर्माण में कमी होती है या गति धीमी होती है, उन्हें निर्देश देने के साथ कमेटी की ओर से कार्रवाई भी की जा रही है।
अफोर्डेबल हाउसिंग पॉलिसी के अंतर्गत मकानों के निर्माण की समय-समय पर समीक्षा की जा रही है। नागरिकों की ओर से या फिर विभागीय निरीक्षण में जब भी किसी बिल्डर की कमी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए निदेशक टाउन एवं कंट्री प्लानर को लिखा जाता है, ताकि लोगों को गुणवत्ता के साथ समय से मकान मिल सकें।
- संजीव मान, सीनियर टाउन प्लानर, टाउन एवं कंट्री प्लानिंग विभाग, गुरुग्राम