अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम । नूंह में ब्रजमंडल शोभायात्रा के दौरान गत 31 जुलाई को हुए उपद्रव के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले आरोपी को साइबर अपराध थाना ईस्ट की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भड़काऊ पोस्ट डालने के पीछे का कारण गुरुग्राम में मस्जिद में आग लगाने व इमाम की हत्या का बदला लेना बताया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहिद आलम निवासी गांव खैरा, शाकुंड, भागलपुर, बिहार के रूप में हुई।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि जुलाई-अगस्त में मेवात व गुरुग्राम में हुए दंगों के दौरान अपने एक्स अकाउंट से आमजन के बीच दंगे भड़काने, धर्मों में आपसी द्वेष बढ़ाने की नीयत से किए गए भड़काऊ पोस्ट को लेकर साइबर थाना ईस्ट में आरोपी के खिलाफ के दर्ज किया गया था। वहीं आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2016 से दिल्ली में रह रहा है और नूंह उपद्रव के बाद गुरुग्राम में मस्जिद जलाने व इमाम की हुई हत्या का बदला लेने के लिए उसने भड़काऊ पोस्ट डाला था।