फर्रुखनगर। खंड के गांव खुर्रमपुर की ढाणी रामजीलाल में शुक्रवार रात महिला को सास-ससुर व पति द्वारा हत्या कर शव को लटकाने का मामला सामने आया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों के सामने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की सत्यता की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी मौके की तहकीकात के बाद साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी फरार हैं।
विजय निवासी धारुहेडा जिला रेवाड़ी ने बताया कि उसने अपनी बहन बबन पुत्री बलबीर सिंह की शादी सुनील उर्फ मोनू निवासी ढाणी रामजीलाल के साथ करीब 12 वर्ष पहले की थी। शादी के कुछ समय उपरांत ही मोनू उर्फ सुनील व उसके माता-पिता बबन को यह कह कर प्रताड़ित करने लगे कि कम दहेज दिया है। मारपीट करके यह धमकी भी देते थे कि तुझे मार कर बेटे की दूसरी शादी कर देंगे। इसे लेकर महिला के भाई ने ससुर जिले सिंह, सास कमलेश पति के खिलाफ थाना फर्रुखनगर में दी लिखित शिकायत दी थी।
पंचायत में भी फैसला हुआ था। शनिवार सुबह सात बजे सूचना मिली की बबन ने फंदा लगा लिया था। वहां पहुंचा तो देखा कि कमरे के दरवाजे के साथ लगी खिड़की की एंगल से बंधी चुन्नी से बबन का शव लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।