फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम: एक लाख रुपयों का इनामी और अंतरराज्यीय बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा, दोनों पैरों में गोलियां लगी

Mon, 05 Jan 2026 09:42 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अपराध शाखा सेक्टर-40 और नूंह के पुन्हाना अपराध शाखा की पुलिस ने रविवार की रात को भोंडसी क्षेत्र में एक लाख रुपये के इनामी व अंतरराज्यीय बदमाश को मुठभेड़ के बाद पकड़ा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फिंगरप्रिंट, एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम और भोंडसी थाने की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मुठभेड़ के दौरान कुल 10 राउंड फायरिंग हुई, इसमें छह फायर आरोपी ने किए, जबकि चार फायर पुलिस टीम द्वारा किए गए।

विज्ञापन


पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, हेलमेट, कट्टा, पिस्टल, दो कारतूस और नौ खाली खोल बरामद किए। आरोपी की पहचान औरैया (उत्तर प्रदेश) के पच्छैया बस्ती बनारसीदास निवासी यादराम (50) के रूप में हुई है, जोकि वर्तमान में जयपुर (राजस्थान) के गिरिराजनगर में किराये पर रहता है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश यादराम के दोनों पैरों में गोलियां लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनामी बदमाश यादराम द्वारा पुलिस पर गोलियां चलाकर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने इत्यादि अपराधों से संबंधित धाराओं बीएनएस की धारा 109(1), 121(1), 132, 221, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) के तहत भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

आरोपी यादराम नूंह के पिनगवां कस्बे में 27 दिसंबर को हुई ज्वेलर्स की दुकान में करोड़ों रुपये के सोने व चांदी के गहनों की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह में शामिल बताया जा रहा है। बदमाशों ने पिनगवां कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित नत्थीलाल हरिओम सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए शटर तोड़कर करोड़ों रुपये का सोने-चांदी का सामान चोरी कर लिया था। यह पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

रात करीब 10.15 बजे हुई मुठभेड़ 
04/05 जनवरी की रात को अपराध शाखा सेक्टर-40 के प्रभारी ललित कुमार को सूचना मिली कि एक लाख रुपयों का इनामी बदमाश यादराम, जोकि हरियाणा, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। वह हथियारों सहित एक बिना नंबर की बाइक पर सोहना क्षेत्र में दिखाई दिया है। इंस्पेक्टर ललित कुमार ने अपराध शाखा पुन्हाना के प्रभारी संदीप मोर से संपर्क करके जानकारी दी। अपराध शाखा सेक्टर-40 व पुन्हाना की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से सोहना-गुरुग्राम रोड स्थित महेंद्रवाड़ा कच्चा रास्ता क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।
विज्ञापन

नाकाबंदी के दौरान मुठभेड़ रात करीब 10.15 बजे बिना नंबर की होंडा लिवो बाइक पर सवार व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। बाइक सवार ने पुलिस टीमों पर फायरिंग की शुरू कर दी। आरोपी द्वारा की गई फायरिंग से एक गोली सरकारी गाड़ी के दरवाजे पर, एक गोली गाड़ी के बोनट पर व एक गोली अपराध शाखा सेक्टर-40 के प्रभारी ललित कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर आकर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी यादराम के दोनों पैरों में गोलियां लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने गोलियां लगने से घायल यादराम को काबू किया। 

बदमाश यादराम का आपराधिक रिकॉर्ड 
इनामी बदमाश यादराम का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गृहभेदन व शस्त्र अधिनियम इत्यादि अपराधों के तहत करीब 25 मामले हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में दर्ज हैं। यादराम के खिलाफ गृहभेदन का एक मामला नूंह (मेवात) में व गृहभेदन का ही एक मामला गुरुग्राम में दर्ज है। नूंह (मेवात) में आरोपी द्वारा एक ज्वेलर्स की दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम देने के संबंध में पिनगवां थाना में दर्ज मामले में यादराम पर एक लाख रुपये इनाम घोषित किया गया था। 

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में गोली लगने से घायल यादराम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में गहनता से छानबीन कर रही है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें