सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर गुरुग्राम पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-14 थाने और अपराध शाखा सेक्टर-17 की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बच्चे का गला घोंटकर मोबाइल फोन लूटने मामले में एक आरोपी शनिवार को बस अड्डा के पास से गिरफ्तार किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है। जिस बच्चे से मोबाइल लूटा गया था, वह बच्चा सकुशल व स्वस्थ है।
आरोपी की पहचान गुरुग्राम के अशोक विहार निवासी सचिन (19) के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में आया कि वह नशा करने का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने अकेले ही 3 जुलाई को 10 वर्षीय बच्चे का गला दबाकर मोबाइल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। उक्त आरोपी नशा मुक्ति केंद्र में भी जा चुका है और 10-12 दिन से घर से भी भागा हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही एक महिला व एक युवक को भी हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की थी। मामले में सेक्टर-14 थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
मोबाइल लूटने में महिला व युवक संलिप्त नहीं पाए गए थे। ऐसे में उन दोनों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। गिरफ्तार आरोपी सचिन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता