टॉयलेट के बहाने पुलिस की गिरफ्त से भागने के दौरान आरोपी गिरा, हाथ में चोट लगी
हत्या के प्रयास व स्टॉकिंग की धारा जोड़ी, राजस्थान के दौसा-राजगढ़ से पकड़ा, फुटेज की जांच के बाद की गई कार्रवाई
नंबर गेम- 13 सितंबर का है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे राजस्थान के दौसा-राजगढ़ के बीच से पकड़ा है। घटना में फुटेज विश्लेषण के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास व स्टॉकिंग व कमेंट की धारा बीएनएस 78, 79 और 109 भी जोड़ी गई है।
अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कल्याण बैंसला को मंगलवार को गिरफ्तार किया। कल्याण बैंसला (उम्र 33 वर्ष) पलवल के चांदहट का निवासी है। आरोपी कबड्डी का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी रहा है। अब वो जिम चलाता है और प्रॉपर्टी का काम भी करता है। आरोपी ने टॉयलेट के बहाने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, इस दौरान वह गिर गया जिसमें उसे कुछ चोटें आईं। उसका अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया गया है। कार में उपस्थित आरोपी लवनिश (34 वर्ष) निवासी न्यू कॉलोनी, पलवल को भी अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है।
यह घटना 13 सितंबर को हुई थी। महिला बाइकर ने इसका एक वीडियो 14 सितंबर को सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में एक कार महिला बाइकर को टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही थी। गुरुग्राम पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पीड़िता से संपर्क करने का प्रयास किया गया। शिकायत न मिलने पर पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी कार चालक ने मीडिया को साक्षात्कार दिया था। इसके बाद उसने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल बंद कर लिया और भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीम बनाई थी।
दिल्ली जाकर पुलिस ने दर्ज किए बयान
गहन जांच और फुटेज विश्लेषण के बाद अभियोग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) शामिल की गई। इसके बाद मंगलवार सुबह सेक्टर-56 थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मनोज टीम के साथ दिल्ली के कालका जी में पीड़िता के घर पहुंचे और उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ ही बयान दर्ज किए। पीड़िता के बयानों के बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 78 और 79 भी जोड़ दी।
आरोपी के साथ उसका एक दोस्त लविश भी राजस्थान में मौजूद मिला। वो वारदात के दौरान भी आरोपी के साथ कार में मौजूद था। उसकी भूमिका को लेकर भी जांच चल रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है। यह कार आरोपी के दोस्त के नाम पर पंजीकृत है। -संदीप कुमार, पुलिस उपायुक्त ईस्ट
-
आरोपी के परिजन बोले- निष्पक्ष हो जांच
पलवल। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को टक्कर मारने का आरोपी कल्याण बैसला टिकरी गुर्जर गांव, पलवल का रहने वाला है। वह शहर की न्यू कॉलोनी में जिम चलाता है और कबड्डी खिलाड़ी रह चुका है। मंगलवार को आरोपी के परिजन खेल एवं युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम से मिले। मंत्री ने परिजनों से कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है जो आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं, आरोपी के अधिवक्ता नवीन बैसला ने कहा कि यह हिट एंड रन का मामला नहीं है। आरोपी के दोस्त परमवीर पोसवाल ने बताया कि यदि कल्याण की भागने की मंशा होती तो वह लालबत्ती पर रुकता ही नहीं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मामले को लेकर अलग-अलग तरह का नैरेटिव चलाया जा रहा है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। संवाद