उद्योग विहार की एक कंपनी में किया था गबन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एक कंपनी के पूर्व अकाउंटेंट ने गुरुग्राम पुलिस से बचने के लिए मधुपुर गांव प्रतापगढ़ यूपी में कुएं में छलांग लगा दी। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। इसको लेकर गांव में काफी देर तक हलचल मची रही। आरोपी ने उद्योग विहार की एक कंपनी से 80 लाख रुपये का गबन कर लिया था।
मधुपुर निवासी राजकुमार मौर्य गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। कंपनी के कर्मचारियों का आरोप है उसने 80 लाख का गबन किया गया है। इस मामले में राजकुमार मौर्य के खिलाफ गुरुग्राम जिले के उद्योग विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मुकदमे के सिलसिले में सीआईए पुलिस टीम ने शुक्रवार को राजकुमार मौर्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। हरियाणा की पुलिस को देखते ही राजकुमार ने घर के सामने कुएं में छलांग लगा दी। इससे गुरुग्राम पुलिस के हाथ पांव फूल गए और परिजनों में कोहराम में मच गया। यूपी पुलिस ने आरोपी युवक को कुएं से बाहर निकला और बेहोशी की हालत में कस्टडी में लेकर उपचार के लिए अस्पताल ले गई।
आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद दर्ज मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने पुलिस टीम यूपी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। - विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त , गुरुग्राम।