गुरुग्राम। पांच महीने बाद होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए जनता को लुभाने के लिए अभी से प्रयास शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने नगर निगम के वार्ड संख्या-23, 24 और वार्ड संख्या-2 में 32 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। वार्ड-24 में 15 करोड़, वार्ड-23 में 4.62 करोड़ और वार्ड-2 में 13 करोड़ रुपये के विकास कार्य शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 2 वर्ष कोविड काल के चलते विकास कार्यों में परेशानी आई, लेकिन विकास कार्यों की गति को बनाए रखा। केंद्रीय मंत्री ने वार्ड-24 में गाड़ौली खुर्द में बादशाहपुर ड्रेन पर चार लेन कल्वर्ट के लिए 3.80 करोड़ रुपये, गांव गाड़ौली खुर्द में बूस्टिंग स्टेशन के लिए 1.91 करोड़ रुपये, पीलिया मंदिर से मुख्य खांडसा रोड पर सड़क निर्माण के लिए 61 लाख रुपये, वार्ड-2 के गांव कार्टरपुरी में जनरल चौपाल के पुर्ननिर्माण के लिए 85 लाख रुपये, मल्टीपर्पज हॉल के लिए 84 लाख रुपये, साईं कुंज में सीवरेज सुविधा के लिए 1.84 करोड़ रुपये, गलियों के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये, सेक्टर-23 ए में सड़कों के पुर्ननिर्माण के लिए 68 लाख रुपये, नोबल एन्कलेव, सतगुरु फार्म की शेष बची गलियों में स्टैंड पोस्ट पेयजल आपूर्ति के लिए 1.26 करोड़ रुपये, गांव कार्टरपुरी में शमशान घाट के शेष बचे कार्यों के लिए 88 लाख रुपये, गांव कार्टरपुरी में गलियों के निर्माण के लिए 79 लाख रुपये, अवतार प्रॉपर्टीज से मंगल बाजार तक फिरनी रोड के लिए 81 लाख रुपये, धर्म कॉलोनी की शेष बची गलियों में स्टैंड पोस्ट पेयजल आपूर्ति के लिए 2 करोड़ रुपये तथा कृष्णा चौक से कामधेनू गोशाला तक फुटपाथ के निर्माण के लिए 96 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया है।
इन कार्यों का किया उद्घाटन
वार्ड-24 के नरसिंहपुर में 4.81 करोड़ रुपये की लागत से बना सामुदायिक केंद्र, वार्ड-23 में 6 पार्क, गांव मोहम्मदपुर झाड़सा में 2 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वार्ड-2 में 91 लाख रुपये बने निगम पार्षद कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मेयर मधु आजाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, पार्षद व निगम अधिकारी मौजूद थे।
सेक्टर 23-ए आरडब्ल्यूए ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
गुरुग्राम। सेक्टर-23ए आरडब्ल्यूए ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को एक ज्ञापन दिया जिसमें नॉर्थकेप यूनिवर्सिटी के पास खाली जमीन पर बच्चों के लिए एक खेल मैदान बनाने की मांग उठाई गई। यहां पर लगभग 6 एकड़ जमीन है जिसमें गांव कार्टरपुरी व सेक्टर 23 ए के बच्चों को खेलने के लिए स्पोर्ट कांप्लेक्स या जिमखाना क्लब बन सकता है। सेक्टर-23 ए आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने बताया कि सेक्टर के साथ ही गांव कार्टरपुरी के अंदर घरेलू गैस की पाइप लाइन डालने के लिए भी कहा गया, ताकि सस्ती गैस मिल सके। कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्दी ही इसकी प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। स्थानीय पार्षद शकुंतला यादव और साईं कुंज आरडब्ल्यूए ने केंद्रीय मंत्री के सम्मुख जीएमडीए के द्वारा पानी कनेक्शन में हो रही देरी की समस्या उठाई गई। इस पर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से इसकी जानकारी ली।