21 अगस्त को लाखुवास गांव के खेतों में मिला था चालक का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना । आठ दिन पहले लाखुवास गांव के पास खेतों में मृत मिले आमिर की हत्या के मामले में सोहना सीआईए ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपी गांव लाखुवास के रहने वाले हैं और आरोपियों ने आमिर की हत्या का खुलासा किया है। आरोपी युवकों ने पुलिस को बताया कि ऑटो चालक आमिर ने उन्हें टक्कर मार दी थी उसके बाद हुए इस झगड़े में तीन दोस्तों ने मिलकर आमिर की हत्या कर दी। इस मामले में सोहना सीआईए ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि 21 अगस्त को पलवल रोड स्थित लाखुवास गांव के खेतों में आमिर निवासी बड़खल टैंपो चालक का शव बरामद किया गया था। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले थे। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की व जांच में लाखुवास निवासी सन्नी व कर्मवीर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि 21 अगस्त को जब तीनों दोस्त घूमने जा रहे थे तो इस दौरान आमिर ने ऑटो से उन्हें टक्कर मार दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आमिर उनसे झगड़ा करने लगा और झगड़ा इतना बढ़ा की रॉड से आमिर की हत्या कर दी।