पुलिस ने नंबर के आधार पर काटा चालान, पीछे चल रही दूसरी गाड़ी के चालक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया अपलोड
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर चलती स्कॉर्पियो कार की छत पर बैठकर युवती की ओर से वीडियो बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में यातायात नियमों को तोड़ते हुए युवती अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डाल कर वीडियो बनाते हुए दिख रही है। स्कॉर्पियो के पीछे चल रही अन्य गाड़ी के चालक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर चालान काटने की कार्रवाई की है। साइबर सिटी में आए दिन हाईवे व एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो या थार में स्टंट किए जाने के वीडियो वायरल होते हैं। पुलिस की ओर से इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे जाते हैं और एफआईआर भी दर्ज की जाती है। इसके बावजूद ऐसे युवा चालक स्टंट करने या चलते वाहनों की छतों पर बैठकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे।
वायरल वीडियो में स्कॉर्पियो नंबर के आधार पर पहचान कर गाड़ी का चालान काटा जा चुका है। सड़काें पर जिस भी वाहन में स्टंट करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन किया जाता है, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता