पति के साथ गुरुग्राम के गढ़ी गांव में किराये पर रह रही थी
गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास दी जान, जीआरपी पुलिस मामले कर रही छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। तीन बच्चों की मां ने बुधवार की शाम को अपने प्रेमी के साथ गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या कर ली। मृत महिला अपने पति के साथ गुरुग्राम के गढ़ी गांव में किराये पर रह रही थी। गुड़गांव रेलवे स्टेशन स्थित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मृतकों की पहचान लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के सरैया बरतेर गांव निवासी सूर्यदेव राज (23) और निशा देवी (33) के रूप में हुई है। निशा देवी पिछले कुछ समय से अपने पति के साथ गुरुग्राम के गढ़ी गांव में रह रही थी। वह घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और उसका पति ललित बेलदारी का काम करता था। वहीं, सूर्यदेव राज दिल्ली में किसी कंपनी में काम करता था। पुलिस की जांच में सामने आया कि सूर्य देव राज और निशा के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बारे में दोनों के परिवार वालों को भी पता था। इस बारे में परिवार वालों ने दोनों समझाया भी था।
जांच में सामने आया है कि निशा की पहली शादी ललित के बड़े भाई के साथ हुई थी। पति की मौत होने के बाद निशा की शादी उसके देवर ललित से करीब 15 साल पहले कर दी थी। दंपती के तीन बच्चे 11 साल की लड़की, 8 साल की लड़की व चार साल का लड़का है। पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ की तो सामने आया कि निशा करीब 10 माह पहले अपने पति व बच्चों के साथ गढ़ी गांव में रह रही थी। ससुराल (सरैया बरतेर गांव) में रहने के दौरान ही निशा देवी की सूर्यदेव राज के साथ जान पहचान हुई थी और उन दोनों ने मोबाइल नंबर लेकर आपस में बातचीत करनी शुरू की थी। दिवाली के बाद 27 अक्तूबर को सूर्यदेव राज भी दिल्ली में आकर किसी कंपनी में काम करने लगा था। इस दौरान भी दोनों के बीच मोबाइल पर संपर्क व बातचीत होती रही। बुधवार की सुबह निशा देवी काम के लिए घर से निकली थी और शाम तक वापस नहीं लौटी थी।
बुधवार की शाम करीब 4 बजे दिल्ली से जोधपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन के आगे एक महिला व युवक द्वारा आत्महत्या करने की सूचना जीआरपी को मिली थी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। दोनों मृतकों की पहचान नहीं होने पर शवों को मोर्चरी में पहुंचाया। मृतकों के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। बृहस्पतिवार को दोनों मृतकों की पहचान सरैया बरतेर गांव निवासी सूर्यदेव राज और निशा देवी के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार को निशा देवी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जीआरपी थाने की पुलिस ने दाेनों मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी नीलम ने बताया कि मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए हैं। परिवार वालों ने प्रेम प्रसंग के बारे में भी बयान दिए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।
जांच अधिकारी बाबू लाल ने बताया कि मृतक सूर्यदेव राज के परिवार वालों के देरी से आने के कारण बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।