युवक ने कैब की छत पर बैठकर पकड़ा हुआ था सामान का डिब्बा, वीडियो वायरल
थोड़ी सी लापरवाही बन सकती थी मौत का कारण, आए दिन गुरुग्राम में युवा करते हैं स्टंट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर चल रही एक कैब की छत पर बैठे युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कैब पर बैठे युवक ने सामान का एक डिब्बा पकड़ रखा है लेकिन हाईवे पर तेज रफ्तार कैब की छत पर बैठे युवक के लिए थोड़ी सी लापरवाही मौत का कारण बन सकती थी। गुरुग्राम में आए दिन युवा हाईवे, एक्सप्रेसवे सहित अन्य सड़कों पर वाहनों पर स्टंट करते हैं।
वीडियो कब का व एनएच-48 पर कौनसी जगह का है, इस बारे में अभी कोई नहीं है। हाईवे पर तेज रफ्तार में दौड़ रही कैब की छत पर कोई कैरियर (सामान रखने वाला स्टैंड) भी नहीं लगा था। इसके बावजूद कैब की छत पर एक भारी डिब्बा पकड़े हुए एक युवक बैठा हुआ है। हाईवे पर पीछे से आ रही एक अन्य कार के चालक ने अपने मोबाइल में कैब पर बैठे युवक की वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैब काफी तेज रफ्तार में चल रही है और युवक बिना किसी सुरक्षा या सहारे के छत पर बैठा है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सामान्यत: गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन कई चालक अपने वाहनों को 100 की रफ्तार से भी फर्राटा भरते हैं। ऐसे में अगर कैब चालक को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते या फिर कट लगाना पड़ता तो छत पर बैठा युवक सड़क पर गिर सकता था। इससे वह गंभीर रूप से घायल भी हो सकता था।
वायरल वीडियो के आधार पर कैब की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही कैब चालक व छत पर बैठे युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि वह इस तरह के रिस्क न लें। इस तरह की गतिविधियों से उनकी और अन्य लोगों की जान को खतरा होता है। इस तरह की गतिविधियां कानून का भी उल्लंघन है।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।