- सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट करने के साथ महिला से की अभद्रता
- कैमरून का रहने वाला है आरोपी युवक
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-85 की एक सोसाइटी में अफ्रीका मूल के युवक ने सोमवार रात लगभग 11:45 पर नग्न अवस्था में बवाल मचाया। आरोप है कि विदेशी युवक ने न केवल सिक्योरिटी गार्ड को पीटा व तोड़फोड़ की, बल्कि सोसाइटी में रहने वाली महिलाओं के समक्ष अभद्रता की। बताया जा रहा है कि आरोपी कैमरून का रहने वाला है और वह नशे की हालत में था। आरोपी के संदर्भ में जानकारी संबंधित दूतावास को भेज दी गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
सेक्टर-85 की पिरामिड हाइट्स के रहने वाले राज सैनी के अनुसार, सोसाइटी में पजेशन कुछ समय पहले ही मिल रहा है। यहां ज्यादातर फ्लैट प्रॉपर्टी डीलर के पास हैं, जो रुपयों के लालच में कुछ फ्लैट विदेशी नागरिकों को किराये पर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस सोसाइटी में कई विदेशी नागरिक रहते हैं जो असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। बीते सोमवार की रात किराये पर रहने वाले दो विदेशी नशे की हालत में सोसाइटी में आए। आरोप है कि वह दोनों बिल्कुल नग्न अवस्था में सोसाइटी में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गेट पर तैनात गार्ड ने उन्हें रोक लिया।
आरोप यह भी है कि उन्होंने यहां मौजूद सिक्योरिटी गार्डों की पिटाई करने के साथ ही उनके मोबाइल भी तोड़ दिए। साथ ही, सोसाइटी में प्रवेश कर गए और कॉमन एरिया में अश्लील हरकतें करने लगे। महिलाओं से अभद्रता की। यहां मौजूद लोगों ने जब उन्हें रोका तो आरोपी उनसे भी अभद्रता करने लगे। इसके बारे में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने माैके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी मेडिकल वीजा पर भारत आया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के संदर्भ में सूचना दूतावास को दी गई है। आरोपी की पहचान कैमरून देश के रहने वाले थॉमस एलेक्स के रूप में हुई है। आरोपी को नवंबर 2025 तक वीजा मिला हुआ है। नग्न अवस्था में सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों, वहां रहने वाले लोगों के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज करके विदेशी मूल के थॉमस एलेक्स को गिरफ्तार किया गया है।