संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। थाना क्षेत्र के अकबरपुर रोड़ पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े दूसरे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सरफराज पुत्र शेर मोहम्मद निवासी झारपुरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते गुरुवार को वह कस्बे की मार्केट से अपने चचेरे भाई दिलशाद के साथ गांव झारपुरी जा रहे थे। वह अकबरपुर रोड पर बने पेट्रोल पंप के पास दिलशाद सड़क किनारे रुके थे। बाइक पर बैठते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनको टक्कर मार दी। जिससे उसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने वाले व्यक्ति की पहचान अकील पुत्र ताहिर के रूप में हुई है। जांच अधिकारी हरिकिशन ने बताया कि शिकायत के आधार पर बाइक चालक के विरुद्ध के दर्ज किया है और पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। संवाद