चार माह पहले हुई थी शादी, युवक की मौत के मामले में जांच जारी
विज्ञापन
- शिवाजी पार्क में किराये के कमरे में मिला 24 वर्षीय युवक, पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी पार्क में 24 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। युवक 10 नवंबर को अपने किराये के कमरे में मृत मिला था। सूचना मिलने पर पटौदी रोड चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। युवक की करीब चार माह पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी गांव में परिवार के साथ रहती है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के भिंड जिले के बिलोरा माजरा गांव निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है। वह करीब डेढ़ साल से शिवाजी पार्क में किराये पर रह रहा था और सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के चलते परेशान था। वह शराब का सेवन भी करता था। 10 नवंबर को अंकित पूरे दिन कमरे से बाहर नहीं निकला। कमरे से कोई आवाज भी नहीं आ रही थी। इससे आसपास रहने वाले लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। शाम करीब पांच बजे पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर देखा तो युवक मृत मिला। इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों को सौंपा शव- पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्यों के आने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया गया। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।