कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में युवक ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कन्नौज निवासी अमन (18) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गुरुग्राम के कादीपुर गांव में किराये पर रहता था। बृहस्पतिवार की सुबह अमन के माता-पिता अपने दोनों बेटों को घर पर छोड़कर नौकरी पर चले गए। अमन का छोटा भाई गली में अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। उसी दौरान अमन ने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। सुबह करीब 11:40 बजे उसका भाई घर लौटा और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उसने खिड़की से अंदर झांका तो अमन को फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद पड़ोसियों को बताया तो उसके परिवार व पुलिस को सूचना दी।
पड़ोसियों ने अमन को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-10 थाने की पुलिस ने फॉरेंसिक टीम व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। जांच अधिकारी मनोज ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।