- मायके वालों ने लगाया दहेज मांगने और मारपीट करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-37 थाना के अंतर्गत खांडसा गांव में एक विवाहिता ने संदिग्ध हालात में बीते शुक्रवार को कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। महिला के मायके वालों ने पति सहित ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज के लिए मारपीट और हत्या के बाद शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की है।
मृतका की पहचान खांडसा निवासी रेनू चौहान उर्फ पूनम के रूप में हुई है। रेनू का मायका हाथरस (उत्तर प्रदेश) के सुल्तानपुर गांव में है। मृतका के बड़े भाई साहब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पूनम की शादी अप्रैल 2018 में खांडसा गांव में निवासी रोहित चौहान के साथ हुई थी। दंपती का चार साल का बेटा और करीब 16 माह की बच्ची है। साहब सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। दहेज की मांग करते हुए पूनम के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी। रेनू ने अपने साथ हुई मारपीट के बारे में मायके वालों को कॉल करके जानकारी दी थी। पांच माह पहले रेनू के पति रोहित चौहान ने दो लाख रुपये की मांग की। इस पर उसके भाई साहब सिंह ने 1.40 लाख रुपये का चेक भी दिया था। बीते बृहस्पतिवार को भी रेनू चौहान ने अपने मायके वालों को मारपीट करने के बारे में कॉल करके सूचना दी थी।
वहीं, बीते शुक्रवार की दोपहर रेनू चौहान उर्फ पूनम ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। साहब सिंह ने पुलिस थाने में दहेज हत्या के संबंध में शिकायत की। जांच के बाद थाना पुलिस ने शनिवार को हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के अनुसार मृत महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं।
वर्जन
जांच अधिकारी महेश ने बताया कि रेनू चौहान के मायकों वालों की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। पति व अन्य लोगों से पूछताछ के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।