जालसाजों ने 11 बार में रुपये कराए ट्रांसफर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाजों ने टास्क पूरा कर रुपये कमाने के नाम पर महिला से 2.46 लाख रुपये की ठगी की है। जालसाजों ने महिला को झांसे में लेकर कुल 11 बार में रुपये ट्रांसफर कराकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में मामला दर्ज किया है।
पटौदी के छिल्लारकी गांव निवासी अरुणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जुलाई को टेलीग्राम पर उसकी एक व्यक्ति से बातचीत हुई। व्यक्ति ने खुद को एक कंपनी से जुड़ा बताते हुए उसे वर्क फ्रॉम होम के लिए टास्क देने की बात कही। शुरुआत में भरोसा दिलाने के लिए कुछ छोटे-छोटे टास्क देकर महिला को रुपये ट्रांसफर कराए। अरुणा से 23 जुलाई से एक अगस्त के दौरान कुल 11 बार में 2.46 लाख रुपये अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर करवाए। अरुणा ने अपने जमा रुपयों की निकासी का प्रयास किया तो उनसे और रुपये जमा करने को कहा गया। इसके बाद जब अरुणा को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दी।