बारिश के कारण गीला था छज्जा, पैर फिसलने से गिरी थी महिला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-5 थाना के अंतर्गत अशोक विहार फेज-तीन स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे से गिरने से मंगलवार को एक महिला की मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बारिश होने से छज्जा गीला हो रखा और महिला का पैर फिसलकर वह नीचे गिर गई।
मृतका की पहचान अशोक विहार फेज-3 निवासी मीनू सिंह (59 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पति व चार बच्चों के साथ रहती थी। मृत महिला के पति जीआर सिंह व बेटे जितेंद्र कुमार, दोनों डॉक्टर हैं। सोमवार की दोपहर को वह मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर थीं। बारिश के कारण छज्जा गिला हो रखा था तो पैर फिसलने से वह नीचे गिर गईं। परिवार वाले गंभीर रूप से घायल मीनू सिंह को निजी अस्पताल में लेकर गए तो उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी कृष्ण ने बताया कि मामले की जांच में महिला के पैर फिसलकर छज्जे से गिरने की बात सामने आई है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।