गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर हुआ हादसा, घायलों अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर बृहस्पतिवार की सुबह रोड़ी से भरा ट्राॅला एक कैब पर पलट गया। इस घटना में कैब चालक, महिला व सिक्योरिटी गार्ड दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-50 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर नीचे दबी कार को निकलवाया। हादसे में घायल हुए महिला सहित तीन लोगों को निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सिक्योरिटी गार्ड को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला व कैब चालक निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
मृतक की पहचान बिहार के साधपुर सारन गांव निवासी नितिश कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गुरुग्राम के नाथूपुर में रह रहा था। वहीं, हादसे में करौली (राजस्थान) के पाल गांव निवासी कैब चालक हुकमचंद और सेक्टर-67 निवासी महक धीर गंभीर रूप से घायल हो गए। कैब चालक के बयान पर पुलिस ने ट्राॅला चालक के खिलाफ सेक्टर-50 थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। कैब चालक हुकमचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब तीन साल से सेक्टर-25 स्थित विप्रो कंपनी में कैब चला रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 6.30 बजे वह सेक्टर-67 से कंपनी स्टाफकर्मी महक धीर और सिक्योरिटी गार्ड नितिश कुमार के साथ जा रहा था। जब कैब सेक्टर-48 की ओर चौक को पार कर रही थी तो वाटिका चौक की ओर से तेज गति से ट्राॅला आ रहा था। चौक के पास आकर चालक ने सेक्टर-48 की ट्राॅला घुमाया तो वह अनियंत्रित होकर कैब पर पलट गया
।
रोड़ी से भरा ट्राॅला पलटने से कैब में मौजूद तीन लोग भी नीचे दब गए। राहगीरों ने हादसे के बारे में पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्राॅला चालक मौके से भाग गया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-50 थाने की पुलिस माैके पर पहुंची। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकालना शुरू किया। वहीं, क्रेन की मदद से ट्रॉले के नीचे दबी कैब को बाहर निकाला गया और कैब में दबे घायलों को बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सिक्योरिटी गार्ड नितिश कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मृतक नितिश कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों काे सौंप दिया।
आगामी कार्रवाई की जा रही : जांच अधिकारी
जांच अधिकारी रामपाल ने बताया कि कैब चालक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही ट्राॅला चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। ट्राॅला चालक के बयान दर्ज होने के बाद ही हादसे के सही कारणों के बारे में पता चल सकेगा। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।