फर्रुखनगर। तेज रफ्तार ट्रैक्टर के स्पीड ब्रेकर पर अचानक उछलने से उसमें बैठी एक बुजुर्ग नीचे गिर गईं। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के बेटे के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में उत्तर प्रदेश के जय प्रकाश नगर (बलिया) निवासी हर्ष कुमार ने बताया कि वह चार पांच माह से फर्रुखनगर के गांव कालियावास में परिवार सहित रह रहा है। मां राजकुमारी देवी सेक्टर-37 स्थित प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं। 19 फरवरी की रात करीब नौ बजे वह और उसकी मां गुरुग्राम से कालियावास मोड पर पहुंच कर कालियावास जाने के लिए साधन की बाट देख रहे थे। उसी दौरान दोनों एक ट्रैक्टर में लिफ्ट लेकर बैठ गए। चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से चला रहा था।
कई बार धीमा चलाने का आग्रह किया लेकिन स्पीड ब्रेकर पर तेजी से निकालने के कारण उनकी मां ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर गिर गईं। इस दौरान चालक मौके का लाभ उठा कर भाग निकला। घायल मां को एसजीटी अस्पताल बूढेडा ले गये। यहां पर चिकित्सकों ने हालत में सुधार न होते देख दिल्ली सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान राजकुमारी देवी ने दम तोड़ दिया।