चेयरमैन ने तीन गांवों में विकास कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन किए
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। जिला परिषद चेयरमैन दीपाली चौधरी ने पटौदी के गांव मुज्जफरा (मंदपुरा), हालियाकी और गुढाना में विभिन्न विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। गांव मुज्जफरा में 15 लाख रुपये की लागत से बने टीन शेड और दो लाख रुपये की पानी की टंकी का उद्घाटन किया गया। साथ ही गांव के विकास के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
गांव हालियाकी में मीठे पानी के लिए बोरवेल का उद्घाटन किया गया। यहां दस लाख रुपये की लागत से टीन शेड और स्कूल के रास्ते का उद्घाटन हुआ। कम्युनिटी सेंटर में टीन शेड लगाने और गांव के विकास के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई। गांव गुढाना में सात लाख रुपये की लागत से बनने वाली एसी चौपाल में टीन शेड का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा बीपीएल कॉलोनी और स्कूल में टीन शेड लगाने, बोरवेल कराने और 21 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई।
दीपाली चौधरी ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार काम कराए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद दीपचंद,सरपंच प्रवीण कुमार, सरपंच सरला कुमारी,सरपंच देशराज,बिरेन्द्र यादव, लक्ष्मण, राहुल, वीना, धर्मबीर, सुखबीर, सुनील,लालचंद सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।