छात्र ने टावर लगवाने के लिए दो वेबसाइटों पर किए आवेदन
आवेदन करते ही एक्टिव हुए जालसाज, अलग-अलग बहाने बनाकर ट्रांसफर कराए रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मोबाइल के टावर लगवाने के लिए आवेदन करने वाले छात्र को जालसाजों ने शिकार बनाते हुए 5.97 लाख रुपये की ठगी कर ली। भांगरौला गांव निवासी व कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र गौरव ने दो अलग-अलग वेबसाइट पर टावर लगाने के लिए आवेदन किए थे। आवेदन करते ही जालसाज एक्टिव हो गए। गौरव के मोबाइल पर अनजान नंबरों से कॉल व मैसेज आने शुरू हो गए। कॉल करने वाले जालसाजों ने उसको झांसे में लेकर कई बार में 5.97 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब गौरव ने रुपये वापस मांगे तो जालसाजों ने मोबाइल बंद कर लिए। पीड़ित छात्र गौरव की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।