900 मीटर लंबी होगी ड्रेनेज लाइन, जल्द पूरी की जाएगी टेंडर प्रक्रिया
नंबर गेम - 2.5 करोड़ रुपये आएगी लागत
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर नगर निगम के वार्ड-20 स्थित नवादा गांव में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए बरसाती नाले का निर्माण किया जाएगा। निगम की ओर से शिव मंदिर से होटल हॉलिडे इन तक करीब 900 मीटर लंबी ड्रेनेज लाइन बिछाने की योजना तैयार की जा रही है। इस परियोजना पर करीब दो करोड़ 50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। निगम अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि नवादा गांव में पहले पंचायत के समय डीएलएफ की ओर से 300 एमएम की ड्रेनेज लाइन डाली गई थी। उस समय इलाके में आबादी कम थी, लेकिन अब गांव और आसपास के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। इसके साथ ही यहां की आबादी भी बढ़ गई है। ऐसे में पुरानी ड्रेनेज लाइन बरसात के दौरान पानी की निकासी के लिए पर्याप्त नहीं रह गई है। कम क्षमता वाली लाइन के कारण बारिश होते ही इलाके में पानी जमा हो जाता है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या को देखते हुए नगर निगम ने यहां 600 एमएम की नई ड्रेनेज लाइन डालने की योजना बनाई है। इसके तहत शिव मंदिर से होटल हॉलिडे इन तक करीब 900 मीटर तक नई लाइन बिछाई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि नई लाइन बनने से बरसात के पानी की निकासी में मदद मिलेगी और लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी। निगम की ओर से परियोजना का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-
जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी और लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।- मनदीप धनखड़, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर